UPSC CSE Prelims Result 2026: सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट जारी, 13,343 छात्र मेंस के लिए सफल, ऐसे करें चेक
UPSC CSE Prelims Result 2026: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा 2026 के नतीजों का इंतजार कर रहे लाखों उम्मीदवारों का इंतजार खत्म कर दिया है। आयोग ने प्रीलिम्स परीक्षा का ऑफिशियल रिजल्ट घोषित कर दिया है। 24 मई 2026 को देश भर के विभिन्न केंद्रों पर आयोजित हुई इस परीक्षा के आधार पर सफल उम्मीदवारों के रोल नंबर जारी कर दिए गए हैं, जिन्होंने अब यूपीएससी सिविल सेवा (मुख्य) परीक्षा 2026 के लिए क्वालीफाई कर लिया है।
इस साल मेन्स परीक्षा की रेस में शामिल होने वाले छात्रों की संख्या और उससे जुड़े जरूरी नियमों में कुछ बड़े बदलाव देखने को मिले हैं, जिन्हें जानना हर सफल कैंडिडेट के लिए बेहद जरूरी है।
इस साल कुल 13,343 उम्मीदवार मेन्स के लिए शॉर्टलिस्ट
यूपीएससी द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, इस साल सिविल सेवा परीक्षा 2026 के तहत कुल 1,016 रिक्तियों (Vacancies) को भरा जाना है। इसके मुकाबले मुख्य परीक्षा (UPSC Mains 2026) के लिए कुल 13,343 उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया गया है।
अगर पिछले साल की तुलना करें, तो सिविल सेवा परीक्षा 2025 में 1,087 पदों के लिए 14,161 अभ्यर्थियों ने मुख्य परीक्षा का टिकट हासिल किया था। इस लिहाज से इस बार सीटों की संख्या कम होने के कारण मुकाबला और भी कड़ा होने वाला है।
19 से 28 जून तक खुलेगी जरूरी विंडो, लॉग-इन करना अनिवार्य
प्रीलिम्स पास करने वाले सभी उम्मीदवारों की उम्मीदवारी अभी अनंतिम (Provisional) है। मेन्स परीक्षा में बैठने के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट (https://upsconline.nic.in) पर 19 जून से 28 जून 2026 तक एक विशेष विंडो खोली जा रही है। इस दौरान सभी सफल छात्रों को पोर्टल पर लॉग-इन करना और अपने विवरण को अपडेट या री-कन्फर्म करना अनिवार्य होगा।
जो उम्मीदवार पहले ही अपने दस्तावेज अपलोड कर चुके हैं और जिनके पास अपडेट करने के लिए कोई नई जानकारी नहीं है, उन्हें भी इस पोर्टल पर जाकर लॉग-इन करना होगा और डेटा वेरीफाई करके फाइनल सबमिट करना होगा। ऐसा न करने पर आयोग द्वारा ई-एडमिट कार्ड (e-Admit Card) जारी नहीं किया जाएगा और उन्हें अगले चरण की परीक्षा से बाहर कर दिया जाएगा।
इस विंडो के दौरान करने होंगे ये 3 मुख्य काम
- मेन्स परीक्षा फीस: महिला, पीडब्ल्यूबीडी (PwBD), अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के उम्मीदवारों को छोड़कर, अन्य सभी कैटेगरीज के अभ्यर्थियों को 200 रुपये की मुख्य परीक्षा फीस जमा करनी होगी।
- असिस्टिव टूल्स और स्क्राइब: दिव्यांग उम्मीदवारों को स्क्राइब (लेखक) का विवरण, सहायक उपकरण और बड़े फॉन्ट वाले प्रश्न पत्र की अपनी पसंद को यहां अपडेट करना होगा।
- कैडर प्रेफरेंस: उम्मीदवारों को सिविल सेवा (मुख्य) परीक्षा 2026 के लिए अपनी संवर्ग वरीयता (Cadder Preference) जमा करनी होगी।
अंतिम रिजल्ट के बाद ही दिखेंगे कटऑफ और मार्क्स
यूपीएससी ने साफ कर दिया है कि सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा 2026 के व्यक्तिगत अंक (Marks), ऑफिशियल कटऑफ मार्क्स (Cutoff Marks) और फाइनल आंसर की (Answer Key) अभी जारी नहीं किए जाएंगे। यह पूरा डेटा सिविल सेवा परीक्षा 2026 और भारतीय वन सेवा (IFoS) परीक्षा 2026 की पूरी प्रक्रिया समाप्त होने यानी फाइनल रिजल्ट आने के बाद ही आयोग की वेबसाइट (https://upsc.gov.in) पर अपलोड किया जाएगा।
किसी भी समस्या के लिए यहां करें संपर्क
यदि किसी उम्मीदवार को रिजल्ट या आगे की प्रक्रिया को लेकर कोई शंका या समस्या है, तो वे संघ लोक सेवा आयोग के कॉल सेंटर के हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं। उम्मीदवार सुबह 09:00 बजे से रात 08:00 बजे के बीच 011-40303444 या 24041001 पर कॉल करके अपना स्पष्टीकरण प्राप्त कर सकते हैं।
Related Articles You Might Enjoy:
